14 वें दिन प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल के आश्वासन पर लीला के धरना प्रदर्शन का समापन

सीधी: खड्डी टोला – बगैहा टोला सड़क निर्माण की मांग को लेकर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर लीला साहू के नेतृत्व में ग्रामीणों का चल रहा धरना प्रदर्शन आज 14 वें दिन प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल के आश्वासन पर समाप्त हो गया। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर लीला साहू ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर हमारा धरना प्रदर्शन लगातार 14 दिनों तक जारी रहा। कई दिनों से हो रही भारी बारिश, खराब मौसम और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हम अपनी मांग को लेकर धरना स्थल पर डटे रहे। लेकिन लगातार बारिश के कारण हमारी बच्ची सहित धरने में शामिल कई साथियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने लगा।

अपने बच्चों और सभी साथियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आज हमें धरना प्रदर्शन समाप्त करने का निर्णय लेना पड़ रहा है। इसी बीच सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल की ओर से हमें आश्वासन मिला है कि आने वाले 2 से 4 महीनों के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। प्रभारी मंत्री के इस आश्वासन के बाद आज हम अपने 14 दिवसीय धरना प्रदर्शन का समापन कर रहे हैं। लीला साहू ने कहा कि हमें विश्वास है कि दिए गए आश्वासन के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण का कार्य धरातल पर प्रारंभ किया जाएगा।

यह 14 दिनों का संघर्ष आसान नहीं था। बारिश, कठिन परिस्थितियों और तमाम परेशानियों के बावजूद क्षेत्र की जनता और हमारे साथियों ने जिस मजबूती के साथ हमारा साथ दिया, वह हमारे लिए हमेशा यादगार रहेगा। इस आंदोलन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाली क्षेत्र की समस्त जनता, सभी सम्मानित साथियों, सामाजिक संगठनों तथा दूर-दराज से समर्थन देने पहुंचे प्रत्येक व्यक्ति तथा मीडिया का हृदय से आभार।

साथ ही प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल का विशेष आभार, जिन्होंने हमारी मांग को सुना और सड़क निर्माण को लेकर आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल किसी एक व्यक्ति का संघर्ष नहीं था, बल्कि क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी सड़क समस्या और उनके अधिकार की आवाज थी। हमने अपनी बात शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचाई है। आज धरना समाप्त हुआ है, लेकिन हमारी उम्मीद कायम है। अब हमें विश्वास और उम्मीद है कि दिया गया आश्वासन जल्द ही सड़क निर्माण के रूप में धरातल पर दिखाई देगा।

Next Post

बीमारी से महिला की मौत के बाद अस्पताल में तोड़-फोड़, बस स्टैंड रोड पर चक्काजाम

Sun Sep 27 , 2026
गुना। गुलाबगंज निवासी 26 वर्षीय महिला की बीमारी से मौत के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इसके बाद शहर के जज्जी बस स्टैंड रोड पर चक्काजाम कर दिया।जानकारी के मुताबिक राजकुमारी ओझा (26) निवासी ग्राम भादौर, हाल निवासी गुलाबगंज कैंट को बुखार, सीने में दर्द, उल्टी […]

You May Like