भोपाल: राजधानी में प्रशासन की अवैध रसोई गैस सिलेडर की कालाबाजारी पर लगातार निगरानी जारी है. जिससे अब घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत से राहत मिल रही है. लेकिन, अभी व्यवसायिक सिलेंडरों की किल्लत जारी है. अब तक सरकार के आदेश पर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की ओर से होटल व रेस्टोरेंट में व्यवसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी थी जो अभी भी जारी है. शहर के लगभग 2000 होटल व रेस्टोरेंट संचालित हो रहे हैं.
जिन पर व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह से बंद है. ऐसे में होटल, रेस्टोरेंट संचालक व जगह-जगह लगे खाद्य पदार्थों के ठेलों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग बढ़ता जा रहा है. जिला खाद्य प्रशासन के दल ने शनिवार को नीलबड़ से चाऊमीन के ठेलों से 3 रसोई गैस सिलेंडर जब्त किए गए. जिला खाद्य अधिकारी चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि सूचना मिली थी. आपूर्ति अधिकारी जादौन ने बताया कि शहर में रसोई गैस की समस्या दूर होती जा रही है. प्रतिदिन 13 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति होने लगी है.
निर्देश के बाद भी एजेंसियां बंद
कलेक्टर निर्देश हैं कि अवकाश के दिनों भी एजेंसियां खुली रहें, जिससे शरह की जनता को रसोई गैस की आपूर्ति में कमी न हो. उसके बावजूद कई एजेंसी संचालक अवकाश के दिन एजेंसियों को बंद कर देते हैं, जिससे लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं. शनिवार को भी ईद का अवकाश था. सभी 38 एजेंसियां खोली जानी थी, लेकिन टीटी नगर, बैरागढ़, भेल सहित अन्य क्षेत्रों की एजेंसियां बंद रहीं.
