इंदौर:सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. सड़क किनारे मिले युवक की हत्या शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद की गई थी. पुलिस ने 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक युवक का लहूलुहान शव मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी.
मृतक की पहचान उज्जैन निवासी महेश पिता चंद्रशेखर मालवीय के रूप में हुई थी. हत्या की जांच में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के अलावा इंदौर, उज्जैन और भोपाल सहित अन्य स्थानों के करीब 400 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. इसके साथ ही 30 संदिग्धों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े सुराग जुटाए गए. जांच में सामने आए तथ्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची. आरोपी की पहचान आशीष उर्फ चंदू उम्र 30 वर्ष निवासी नादौर, जिला रायसेन के रूप में हुई. जांच में सामने आया कि घटना के दौरान आरोपी और महेश के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था.
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास में पड़ी ईंट से महेश के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. आरोपी मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करता था, जिससे उसकी तलाश में परेशानी आई. इसके बावजूद तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाया. 30 जुलाई को आरोपी को इंदौर बायपास क्षेत्र से गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ मंडीदीप (रायसेन), जीआरपी उज्जैन और बागसेवनिया थाना भोपाल में पहले से प्रकरण दर्ज हैं.
मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है…
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
डीसीपी जोन 3, अभिषेक रंजन
