
छिंदवाड़ा। देहात थाना पुलिस ने ग्राम भैसादण्ड में हुई यूरिया और खाद चोरी के मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी समेत कुल चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोटरसाइकिल और चोरी गई खाद बरामद कर ली है। जब्त किए गए कुल मशरूके की कीमत 56,500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भैसादण्ड निवासी पीड़ित संजय यदुवंशी (45) ने 8 अगस्त को देहात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 6 और 7 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने खेत में बने मकान का ताला तोड़कर वहां रखीं 2 बोरी यूरिया और 5 बोरी एनपीके खाद पार कर दी थी। शिकायत पर पुलिस ने धारा 331(4) व 305(।) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 10 अगस्त को पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने 6 अगस्त की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच ताला तोड़कर खाद चोरी की थी। वारदात के दौरान मोटरसाइकिल (एमपी 28 एनडी 8780) का इस्तेमाल किया था। इस मामले में आकाश भलावी 36 वर्ष निवासी झाड़ीढाना भैसादण्ड, अंशुल मर्सकोले 22 वर्ष निवासी झाड़ीढाना भैसादण्ड, अरूण मर्सकोले 34 वर्ष निवासी झाड़ीढाना भैसादण्ड और रामनाथ देवरे 30 वर्ष खरीदार निवासी झाड़ीढाना भैसादण्ड को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 45 हजार रुपये कीमत की लिवो मोटरसाइकिल और 11 हजार 500 रुपये की यूरिया व एनपीके खाद जब्त की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अरूण मर्सकोले पर पूर्व में अवैध शराब परिवहन और आकाश भलावी पर मारपीट के मामले दर्ज हैं।
सस्ते दामों में बेची थी चोरी की खाद
आरोपियों ने 7 अगस्त को चोरी की गई 4 बोरी एनपीके खाद अपने ही गांव के रामनाथ देवरे को महज 3700 रुपये में बेच दी थी और बाकी सामान व रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस ने खाद खरीदने वाले को भी सह-आरोपी बनाया है।
टीम को किया जाएगा पुरस्कृत
पुलिस अधीक्षक ने सफलता हासिल करने वाली टीम (निरी. गोविंद सिंह राजपूत, सउनि. संदीप सिंह राजपूत, प्र.आर. मंगल सिंह, आर. सूरज सिंह, शेरसिंह, सौरभ सिंह, तरूण परतेती, उमेश उड़के व साइबर सेल टीम) को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
