मुंबई, 02 अक्टूबर (वार्ता) सोनी सब के पौराणिक शो ‘हस्तिनापुर के वीर’ में राधे का किरदार अपनी नि:स्वार्थ भावना और दूसरों के प्रति करुणा से अलग पहचान बना रहा है। व्यंकटेश पांडे द्वारा निभाया जा रहा राधे हर परिस्थिति में अपनी खुशी और जरूरत से पहले दूसरों की भलाई को महत्व देता है, यही गुण आगे चलकर उसे ‘दानवीर कर्ण’ की पहचान दिलाता है। आगामी कड़ियों में राधे की दयालुता तब सामने आती है, जब वह एक महिला को अपने बच्चे के लिए भोजन जुटाने में संघर्ष करते देखता है। वह अपने परिवार के दीपक के लिए रखा घी भी उसे दे देता है। वहीं, घायल घोड़े को बेकार समझकर छोड़ने की तैयारी होने पर राधे उसकी देखभाल कर उसे स्वस्थ करता है और परिवार के सदस्य की तरह अपनाता है। बाद में मित्र के परिवार को घोड़े की जरूरत पड़ने पर वह उसे भी उन्हें दे देता है।
राधे की भूमिका निभा रहे व्यंकटेश ने कहा कि राधे का मानना है कि हर जीवन महत्वपूर्ण है और दयालुता तथा सही काम करना हमेशा मायने रखता है, भले ही उसकी सराहना करने वाला कोई न हो। उन्होंने कहा कि राधे की दानशीलता और करुणा उसकी यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और दर्शक आगे ‘दानवीर कर्ण’ के रूप में उसके सफर को देखेंगे। ‘हस्तिनापुर के वीर’ का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात नौ बजे सोनी सब पर किया जाता है।

