पुणे, 29 अक्टूबर (वार्ता) पुणे में बुधवार को ‘सीएम चषक’ 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में, केरल की लड़कियों ने शानदार वापसी करते हुए मौजूदा चैंपियन और मेजबान महाराष्ट्र को 62-45 से हरा दिया। इस जीत में सुभद्रा जयकुमार (17) और अन्ना मरियम (13) ने अहम मौकों पर बास्केट किए।
हाफटाइम तक एक अंक से पीछे रहने के बाद, केरल की लड़कियों ने खेल का रुख अपनी ओर मोड़ लिया और अंततः महाराष्ट्र को 17 अंकों के बड़े अंतर से हरा दिया। क्वार्टर-दर-क्वार्टर स्कोर केरल के पक्ष में इस प्रकार रहे: 14-14, 12-13, 14-10, 22-8।
एक रोमांचक मुकाबले में, तेलंगाना ने उत्तर प्रदेश को ओवरटाइम में 74-71 से हरा दिया। रेगुलेशन टाइम (निर्धारित समय) खत्म होने तक दोनों टीमों का स्कोर 70-70 से बराबर था। तेलंगाना के लिए सान्वी कोलिसेट्टी ने सबसे ज्यादा 24 अंक बनाए, जबकि उत्तर प्रदेश के लिए प्रिया राणा ने 18 अंक हासिल किए।
