सतना :शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर के निकट संचालित होने वाले एक कैफे में नशे में इस्तेमाल होने वाली कफ सीरप का स्टॉक पाया गया. जिसे देखते हुए पुलिस ने नशीली दवा को जब्त करने के साथ ही कैफे संचालक को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली थी कि डिग्री कॉलेज के गेट के सामने स्थित रितिक रॉयल किंग फूड कैफे के संचालक द्वारा कैफे के अंदर मादक पदार्थ का स्टॉक रखा गया है.
जिसका उपयोग संचालक द्वारा अवैध तौर पर बेचने के लिए किया जाता है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने कैफे की घेराबंदी करते हुए अंदर प्रवेश किया. कैफे के अंदर तलाशी लिए जाने पर एक सफेद-हरे रंग के मटमैले झोले में आनरेक्स कफ सीपर रखी मिली. गिने जाने पर झोले में से कफ सीरप की कुल 40 शीशियां प्राप्त हुईं. जिसे देखते हुए कैफे संचालक रितिक यादव पिता रामदीन उम्र 25 वर्ष निवासी टीकर सिंहपुर के विरुद्ध धारा 8,21,22 एनडीपीएस एक्ट और 5/13 ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया.
बाइक सवार भी धराया
नशीली दवाओं की तस्करी के मामले में जिले के रामपुर बघेलान थाने की पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए एक बाइक सवार को गिरफ्तार कर लिया. थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के अनुसार जमुना तुर्की कोरगवां रोड से गुजर रहे बाइक सवार की जब तलाशी ली गई तो बाइक पर लटके झोले में नशे में इस्तेमाल होने वाली कफ सीरप की 36 शीशियां पाई गईं. जिसे देखते हुए आरोपी रामकिशोर कुशवाहा पिता रामनारायण उम्र 64 वर्ष निवासी नई बस्ती छिजावर चोरहटा रीवा को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया
