
छिंदवाड़ा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने और आम नागरिकों को आवागमन में हो रही असुविधा से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त सीपी राय के निर्देशानुसार आज शहर के विभिन्न व्यस्त क्षेत्रों में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। निगम के अतिक्रमण विरोधी दल द्वारा पूर्व में जारी मुनादी और अनाउंसमेंट के अनुपालन में आज राजीव गांधी बस स्टैंड परिसर और पोस्ट ऑफिस के सामने मुख्य मार्ग पर किए गए अवैध कब्जों एवं ठेले-गुमटियों को सख्ती के साथ हटाया गया। कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने सड़क सीमा क्षेत्र में बाधा बन रहे अस्थाई अतिक्रमणों को ज़ब्त करने की कार्रवाई की। इसके साथ ही, शहर के व्यस्त क्षेत्र रामबाग चौक में भी लाउडस्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट कर दुकानदारों और व्यवसायियों को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें और सड़क पर फैले अतिक्रमण को तत्काल स्वयं हटा लें। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वेच्छा से अतिक्रमण न हटाने की स्थिति में आगामी दिनों में और कड़ी वैधानिक कार्रवाई करते हुए जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की इस निरंतर कार्रवाई से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम हुआ है और आवागमन सुचारू हुआ है। निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों एवं दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस कार्रवाई के दौरान निगम के अतिक्रमण अधिकारी सागर बोरकर, सहित अतिक्रमण दल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
