
इंदौर. शहर में शराब की अवैध सप्लाई के लिए दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा था. आबकारी विभाग की टीम ने अलग अलग स्थानों पर कार्रवाई कर दो युवकों को पकड़ा है. उनके पास से शराब की खेप के साथ परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहन भी जब्त किए हैं.
आबकारी विभाग के पलासिया वृत्त की टीम ने शुक्रवार को पहली कार्रवाई पलासिया चौराहे के पास महिला थाना क्षेत्र में की. यहां टीवीएस ज्यूपिटर से शराब ले जा रहे अजय लिखारिया पिता मोहनलाल को पकड़ा. दूसरी कार्रवाई इंद्रप्रस्थ टावर के पीछे की गई, जहां होंडा एक्टिवा से शराब का परिवहन कर रहे सालीकराम जायसवाल पिता बेचराम को पकड़ा. दोनों के पास शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले. टीम ने उनके कब्जे से देशी मदिरा, किंगफिशर बीयर और बडवाइजर मैग्नम बीयर सहित 33.6 बल्क लीटर शराब जब्त की है. जब्त शराब और दोनों वाहनों की कीमत 1 लाख 94 हजार 380 रुपए बताई गई है. दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया कर मामले में आगे जांच की जा रही है. मामले में सहायक जिला आबकारी अधिकारी राघवेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई जारी है.
