
विशेष संवाददाता भोपाल। जी.एच. रायसोनी मेमोरियल 5वीं मिनी एवं 60वीं सब-जूनियर मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ शुक्रवार को सेज यूनिवर्सिटी, भोपाल में हुआ। मध्यप्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन सेज ग्रुप के चेयरमैन डॉ. संजीव अग्रवाल एवं दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर दिलीप सूर्यवंशी ने किया।
13 से 18 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 900 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष खिलाड़ियों की रिकॉर्ड भागीदारी दर्ज की गई है। प्रतियोगिता में अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13 एवं अंडर-15 आयु वर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं।
आयोजन सचिव सौम्या श्रीवास्तव ने बताया कि खिलाड़ियों की रिकॉर्ड संख्या प्रदेश में बैडमिंटन के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस बार ‘मैच ऑफ द डे’ और ‘प्लेयर ऑफ द डे’ के विशेष पुरस्कार भी शुरू किए गए हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का अवसर प्रदान करना है।
