
उज्जैन। माधवनगर पुलिस ने दशहरा मैदान क्षेत्र में सिगरेट गोदाम में हुई लाखों रुपये की चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 15 लाख कीमत की आईटीसी सिगरेट, चोरी की सिगरेट बेचकर मिले 1.35 लाख नकद और करीब 15 लाख कीमत की किया सोनेट कार बरामद की है। माहेश्वरी मार्केटिंग के नेहरू पार्क के पास स्थित आईटीसी सिगरेट गोदाम में 6 और 7 जून की दरमियानी रात बदमाशों ने गेट का ताला तोडक़र प्रवेश किया। इसके बाद आईटीसी के विभिन्न ब्रांड की करीब 25-26 बॉक्स सिगरेट चोरी कर फरार हो गए। फरियादी सौरभ माहेश्वरी की रिपोर्ट पर माधवनगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में वारदात में इस्तेमाल वाहनों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने चोरी के वाहनों का भी इस्तेमाल किया था। एक महिन्द्रा एक्सयूवी-500 नागझिरी क्षेत्र से और दूसरी एक्सयूवी-300 मंदसौर के दलौदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के कई इलाकों के अलावा भीलवाड़ा और चित्तौडग़ढ़ (राजस्थान) तक दबिश दी। इसके बाद 12 अगस्त को मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामपाल उर्फ रामा चौधरी (32), निवासी पाली राजस्थान, वर्तमान निवासी पुणे महाराष्ट्र और रेहान उर्फ राजा ठाकुर उर्फ राजू मराठे उर्फ संतोष भैया उर्फ मुकेश चौधरी (51), निवासी मुंबई महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने सिगरेट गोदाम में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार चोरी की सिगरेट को अलग-अलग स्थानों पर बेचकर उससे प्राप्त रकम आरोपी अपने खर्च में करते थे।
