
सिंगरौली । शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने शराब दुकानों एवं उनके आसपास के मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। यह कार्रवाई यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में की गई।
अभियान के दौरान शराब दुकानों के आसपास मुख्य मार्ग, सड़क किनारे और आवागमन वाले स्थानों पर अस्त-व्यस्त तरीके से खड़े वाहनों को चिह्नित किया गया। इन वाहनों के कारण यातायात बाधित होने के साथ जाम और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों में व्हील लॉक लगाते हुए 15 वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने की सख्त समझाइश दी गई।
