सर्राफा कारोबारी के घर से डेढ़ करोड़ के जेवर पार

सतना। जिले के सभापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसिंहपुर में एक मशहूर सराफा व्यापारी के घर करीब डेढ़ करोड़ रुपए की बड़ी चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। चोरों ने व्यापारी दीपू सोनी के सूने मकान को निशाना बनाकर दीवान और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यापारी दीपू सोनी 4 नवंबर 2026 को अपनी पत्नी के साथ जबलपुर गए थे। जब वे 5 नवंबर की शाम करीब 7 बजे वापस लौटे, तो उनके घर के मुख्य कमरे का दरवाजा नहीं खुला। शुरुआत में व्यापारी को लगा कि ताला या दरवाजा फंस गया है। इस वजह से उन्होंने सुबह मिस्त्री बुलाने का सोचा और रात को नीचे दुकान के बगल वाले कमरे में ही सो गए। अगली सुबह जब उन्होंने कर्मचारी की मदद से पड़ोसी की छत से पीछे की ओर देखा, तो पीछे का दरवाजा आधा खुला मिला। कर्मचारी छत के रास्ते जब अंदर दाखिल हुआ तो चोरी का पता चला।

नहीं हुई तोड़फोड़

हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने घर के किसी भी सामान में कोई तोड़फोड़ नहीं की और न ही सामान बिखेरा। दीवान और अलमारियों से केवल कीमती जेवर गायब मिले, बाकी सारा सामान व्यवस्थित था।

पुलिस की जांच जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे और सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

Next Post

केंद्र ने पंजाब का जेल कानून चंडीगढ़ में लागू किया, कैदियों के स्थानांतरण और सुरक्षा के लिए नए प्रावधान

Sat Nov 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 नवंबर (वार्ता) केंद्र सरकार ने पंजाब कारागार एवं सुधारात्मक सेवाएं अधिनियम, 2026 को केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में लागू कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, इसके तहत अंतरराज्यीय कैदियों के स्थानांतरण, जेलों की सुरक्षा, कैदियों के पुनर्वास और दिव्यांग बंदियों के लिए विशेष सुरक्षा […]

You May Like