जबलपुर: पनागर थना अंतर्गत एन एच-30 पर बघेली के पास रविवार को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम नई बस्ती कंदराखेड़ा परियट निवासी अनिल दाहिया (36) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रविवार को वह अपने घर पर था तभी पड़ोस में रहने वाली मासूम पूर्वी यादव रोते हुए उसके घर पहुंची।
पूर्वी ने बताया कि उसके पिता प्रदीप उर्फ गोलू यादव का भाग्यश्री होटल के पास एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही अनिल दाहिया तुरंत ग्रामीणों के साथ मौके पर रवाना हुआ एनएच-30 बघेली स्थित भाग्यश्री होटल के पास पहुँचकर उन्होंने देखा कि प्रदीप यादव (34) मृत अवस्था में सडक़ किनारे पड़ा हुआ था। वाहन की टक्कर से उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।
