नैनीताल के मैदानी इलाकों में छाया घना कोहरा, जनजीवन प्रभावित

नैनीताल 08 जनवरी (वार्ता) उत्तराखंड में नैनीताल जिले के मैदानी क्षेत्रों में गुरुवार को इस सर्दी का अब तक का सबसे घना कोहरा देखने को मिला। हल्द्वानी, कालाढुंगी, रामनगर, बैलपड़ाव, पिरूमदारा, प्रतापपुर सहित आसपास के इलाकों में सुबह से ही कोहरे की घनी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। कई स्थानों पर दृश्यता 40 से 50 मीटर तक सिमट गई, जिसके चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों और संपर्क सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और लंबी दूरी की यात्रा कर रहे वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा। कोहरे की वजह से कुछ स्थानों पर यातायात रुक-रुक कर चलता नजर आया।

मौसम में अचानक आए इस बदलाव से तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है। ठंड बढ़ने के कारण लोग सुबह और शाम के समय घरों में ही रहने को मजबूर हैं, वहीं अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लिया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और नमी की अधिकता के चलते आने वाले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा बने रहने की संभावना है। विभाग ने वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का प्रयोग करने की सलाह दी है।

प्रशासन की ओर से भी लोगों से अपील की गई है कि कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।

 

Next Post

63 लाख से ज्यादा टैक्सपेयर्स की बढ़ी टेंशन! अभी तक प्रोसेस नहीं हुए ITR

Thu Jan 8 , 2026
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की वेबसाइट पर मौजूद डेटा के मुताबिक, असेसमेंट ईयर (AY) 2025-26 के लिए अब तक लगभग 8.80 करोड़ इनकम टैक्स रिटर्न (ITRs) फाइल किए गए हैं। क्या आपने भी टाइम पर अपना इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल कर दिया था, लेकिन बैंक अकाउंट में अब तक रिफंड […]

You May Like