
छिंदवाड़ा। कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग मधुमक्खियों का शिकार बने। अचानक हुए हमले से जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में आवेदक और अन्य लोग मौजूद थे। इसी बीच अचानक मधुमक्खियों का झुंड लोगों पर टूट पड़ा। हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। परिसर में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग खुद को बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ते नजर आए। बताया जा रहा है कि मधुमक्खियों ने करीब एक दर्जन से अधिक लोगों को निशाना बनाया। अचानक हुए इस हमले से जनसुनवाई की व्यवस्था भी प्रभावित हुई। हालांकि मधुमक्खियों के अचानक आक्रामक होने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों के बीच इसकी चर्चा होती रही।
