इंदौर: दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद आरोपी के पिता पर पीड़िता को कोर्ट में गवाही और साक्ष्य बदलने के लिए लगातार दबाव बनाने और धमकाने का आरोप है. शिकायत पर खजराना पुलिस ने आरोपी के पिता के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया है.18 अप्रैल 2026 को अब्दुल अजीज के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था. इस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और वह अब भी जेल में बंद है. इसी दौरान उसके पिता एजाज द्वारा दुष्कर्म पीड़िता पर कोर्ट में गवाही देने और साक्ष्य बदलने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था.
पीड़िता को परेशान करने और धमकाने के आरोप में खजराना पुलिस ने एजाज के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की. टीम ने कार्रवाई करते हुए एजाज को गिरफ्तार कर लिया। 48 वर्षीय गिरफ्तार आरोपी एजाज पिता महबूब खान, खजराना के अशरफी नगर स्थित हुसैनी चौक में रहता है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि महिला सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देशों के तहत पीड़िता को धमकाने के मामले में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार जेल भेज दिया है.
