
इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में दिए गए निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच हेतु सतत कार्रवाई की जा रही है. इसी के तहत बिना खाद्य पंजीयन संचालित इकाई का का खाद्य कारोबार बंद कराया गया.
आज खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा 4/227 रमापति विहार, राऊ स्थित मेसर्स नीलकंठ गृह उद्योग का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान मौके पर कच्चे आलू चिप्स एवं कच्चा आलू लच्छा लगभग 3000 किलोग्राम मात्रा में मानव उपभोग हेतु भंडारित पाया गया. मौके पर प्रभारी मुकेश कुरोची उपस्थित पाए गए, जिन्होंने बताया कि उक्त सामग्री सिमरोल रोड, सुतारखेड़ी (महू) स्थित इसी फर्म की फैक्ट्री में निर्मित होती है. निरीक्षण में पाया गया कि प्रतिष्ठान के पास कोई वैध खाद्य पंजीयन उपलब्ध नहीं था, जबकि प्रतिष्ठान की प्रोपराइटर संतोष अग्रवाल पाई गईं. मौके से कच्चे आलू चिप्स एवं कच्चा आलू लच्छा के कुल 5 नमूने जांच हेतु लिए गए। साथ ही बिना वैध खाद्य पंजीयन के खाद्य कारोबार संचालित किए जाने पर प्रथम दृष्टया प्रकरण तैयार किया गया एवं वैध पंजीयन प्राप्ति तक परिसर में खाद्य कारोबार गतिविधियां बंद कराई गईं.
फ्रोजन डेजर्ट इकाई से लिए नमूने
इसके अलावा श्री लक्ष्मी प्रोडक्ट, लक्ष्मीबाई नगर का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सभी कर्मचारी हेड कैप एवं मास्क का उपयोग करते हुए कार्य कर रहे थे तथा स्टोरेज एवं फ्रीजर एरिया में खाद्य पदार्थ व्यवस्थित रूप से पैलेट्स पर रखे गए थे. मौके से बटरस्कॉच, पिस्ता एवं वनीला फ्लेवर फ्रोजन डेजर्ट के कुल 03 नमूने जांच हेतु लिए गए. इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा श्री बालाजी आइसक्रीम कैट रोड का निरीक्षण किया गया. मौके पर मोहन वाधवानी उपस्थित पाए गए. निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार की आइसक्रीम, कुल्फी एवं फ्रोजन डेजर्ट का निर्माण किया जाना पाया गया. मौके से मिनी मटका फ्रोजन डेजर्ट, मिनी चोकोबार फ्रोजन डेजर्ट, मैंगो फ्लेवर कैंडी एवं ऑरेंज फ्लेवर कैंडी के कुल 4 नमूने जांच हेतु लिए गए.
पालदा में तेल के नमूने लिए
गणेश ऑयल इंडिया पालदा का निरीक्षण खाद्य सुरक्षा अधिकारी के एक अन्य दल द्वारा किया गया. मौके पर प्रोपराइटर करण नानवानी उपस्थित पाए गए. परिसर से सोयाबीन तेल के दो नमूने लिए गए. सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल की ओर भेजा जा रहा है, जिनकी रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जायेगी.
