
उज्जैन। महाकाल के दरबार में अभी भक्तों की भीड़ जमकर उमड़ रही है। जिसमें आने वाले श्रद्धालु दान भी बढ़चढक़र दे रहे हैं। इसके साथ ही भस्मारती और अन्य दर्शर्थियों को काफी आसानी से दर्शन हो रहे हैं। एक से बढक़र एक दानदाता आते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार नकद राशि से लेकर सोने-चांदी से बने आभूषण तक भेंट कर जाते हैं। ऐसे ही गुजरात से आए एक दानदाता ने सोमवार को 70 लाख रुपए कीमत की चांदी से निर्मित आभूषण भगवान महाकाल को चढ़ाए।
भक्त अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचा और पंडे-पुजारियों से पूजन-अर्चन कराने के बाद उसने चांदी की इतनी सारी सामग्री मंदिर में भेंट की। यह लगभग 29 किलो 941 ग्राम चांदी से बनी है। महाकाल समिति के सहायक प्रशासक एसएन सोनी ने बताया अहमदाबाद गुजरात के रहने वाले भक्त महेश भाई भगवानदास ठाकुर ने चांदी की यह कीमती सामग्री दान स्वरूप मंदिर में भेंट की है। समिति ने सामग्री प्राप्त करने के बा दानदाता का नंदीहाल में दुपट्टा ओढ़ाकर, प्रसाद भेंट कर दानदाता का सम्मान किया।
क्या-क्या सामग्रियां दी-भक्त ने दान में चांदी की एक पगड़ी, गंगाजली मुकुट, नागफन जडि़त मुकुट, सूर्यकिरण जडि़त मुकुट, चंद्रमा युक्त मुकुट, मुण्डमाला, कुंडल, कटोरा, धूपिया, गरुड़, डमरू, घंटी, रुद्राक्ष माला, त्रिपुण्ड, चंवर, चंद्रमा, नेत्र सहित कई प्रकार की सामग्री दी है जो बाबा महाकाल के श्रृंगार व भोग आदि में काम आएगी। इस सामग्री का वजन के अनुसार बाजार में मूल्य लगभग 70 लाख रुपए बताया जा रहा है। हालांकि चांदी की शुद्धता की जांच के बाद वास्तविक कीमत समिति रिकॉर्ड में दर्ज करेगी।
