मुंबई, 03 अक्टूबर (वार्ता) बिरला स्टूडियोज़ और अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट की वेब सीरीज़ ‘हुंकार: द रोअर’ 25 सितंबर को जियोहॉटस्टार पर रिलीज होने के बाद से दर्शकों के बीच चर्चा में बनी हुई है। छह भागों वाली यह सीरीज़ अपनी रोमांचक अदालती कहानी और आस्था-अंधभक्ति के बीच के सवालों को लेकर सुर्खियां बटोर रही है। पर्पल पेबल पिक्चर्स के साथ मिलकर निर्मित इस सीरीज़ का निर्माण करन डी. कपाड़िया और नित्या मेहरा ने किया है। इसमें अनीत पड्डा, फातिमा सना शेख, रघुबीर यादव, मोहम्मद जीशान अय्यूब, अर्जुन माथुर और राम कपूर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। प्रियंका चोपड़ा जोनस इसकी कार्यकारी निर्माता हैं।
‘हुंकार’ की कहानी 17 वर्षीय मीनू रावत (अनीत पड्डा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो प्रभावशाली धर्मगुरु बापजी (रघुबीर यादव) पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाती है। मामला पुलिस जांच से अदालत तक पहुंचता है और इसी दौरान सीरीज़ प्रभावशाली लोगों की ताकत, पीड़िता पर पड़ने वाले दबाव और अंधभक्ति जैसे मुद्दों को सामने लाती है।
सीरीज़ में दिखाया गया है कि गंभीर आरोपों के बावजूद कई अनुयायी अपने आध्यात्मिक गुरु पर सवाल उठाने से इनकार करते हैं। इसी के माध्यम से कहानी आस्था और अंधभक्ति के बीच की सीमा पर सवाल खड़ा करती है। कलाकारों के अभिनय को भी समीक्षकों ने सराहा है। अनीत पड्डा और रघुबीर यादव के अभिनय की विशेष रूप से चर्चा हुई है। समीक्षाओं में सीरीज़ को प्रभावशाली अदालती नाटक बताते हुए यौन हिंसा, पीड़िता को दोषी ठहराने की प्रवृत्ति और अंधविश्वास जैसे विषयों के चित्रण की सराहना की गयी है। ‘हुंकार: द रोअर’ के सभी छह एपिसोड जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध हैं।

