
नई दिल्ली,भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने नवनियुक्त पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेह बनना होगा.
उल्लेखनीय है कि संगठन में किए गए व्यापक बदलाव के बाद सभी 37 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 65 प्रभारियों-सह प्रभारियों की यह पहली औपचारिक सामूहिक बैठक थी.
करीब चार घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नवनियुक्त प्रभारियों को दो टूक लहजे में हिदायत देते हुए कहा कि पदाधिकारी अब दिल्ली की परिक्रमा पूरी तरह से बंद करें और अपनी आवंटित प्राथमिकताओं पर फोकस करें. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रभारी और सह-प्रभारी तत्काल अपने प्रभार वाले राज्यों के दौरों पर निकलें और अधिकतम समय जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच बिताएं. बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय, सशक्त और विस्तारवादी बनाने पर विशेष जोर दिया गया ताकि आने वाले समय में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत माहौल तैयार किया जा सके.
बैठक में आगामी चुनौतियों से निपटने और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे नैरेटिव का आक्रामक तरीके से जवाब देने के लिए एक ठोस जवाबी रणनीति पर भी गहन मंथन हुआ. डिजिटल फ्रंट पर पैठ बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि पार्टी की नीतियां और सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक सीधे पहुंच सकें. बैठक में साफ संदेश दिया गया कि सार्वजनिक जीवन में व्यक्तिगत छवि और आचरण की शुचिता बेहद मायने रखती है, इसलिए सभी नेता अपने काम से पार्टी के गौरव को बढ़ाएं और हर हाल में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बनाए रखें. इसके साथ ही, युवा पीढ़ी और जेन जी वोटर्स को साधने के लिए देश के सभी राज्यों में निरंतर संपर्क अभियान व विशेष संगठनात्मक कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया गया, जिसकी प्रगति का फीडबैक सीधे केंद्रीय आलाकमान को उपलब्ध कराना होगा.
इस रणनीतिक बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मंच पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश एवं सौदान सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
