
इंदौर. शहर की सड़कों पर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पिछले नौ दिनों में पुलिस ने सैकड़ों बाइक से ऐसे साइलेंसर उतरवाए हैं. रविवार को भी अलग अलग जोन में चली कार्रवाई के दौरान 82 बाइक से पटाखे फोड़ने वाले साइलेंसर हटाए. अब जब्त साइलेंसर पर रोलर चलाकर उन्हें नष्ट करने की तैयारी की जा रही है.
शनिवार 18 जुलाई से शहर के सभी जोन में मोडिफाइड साइलेंसर, हूटर और वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक साइलेंसर बचाने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की.
रविवार को चली कार्रवाई में यातायात पुलिस ने 1275 चालान बनाए. इनमें नो पार्किंग के 173, गलत नंबर प्लेट के 156, रेड लाइट जंप करने के 109, तीन सवारी के 95, बिना लाइसेंस वाहन चलाने के 40, बिना हेलमेट के 229, बिना बीमा के 107, ब्लैक फिल्म के 37, मोबाइल चलाते हुए वाहन चलाने के 97 और वन वे उल्लंघन के 92 चालान शामिल हैं. लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 39 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए भेजे हैं, जबकि 734 चालान पेंडिंग मोड में बनाए हैं.
कार्रवाई लगातार चलेगी…
तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क पर ध्वनि प्रदूषण और दुर्घटना की स्थिति भी बढ़ा सकते हैं. अभियान आगे भी जारी रहेगा और जब्त साइलेंसर को नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी.
एडीसीपी यातायात, संतोष सिंह कौल
