
भोपाल। प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर थमते ही भीषण गर्मी ने फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं।
प्रदेश के रतलाम में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने गर्मी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। वहीं इंदौर में भी इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खास बात यह है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार गर्मी ज्यादा तीखी महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार उज्जैन, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, रतलाम और झाबुआ जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। अगले चार दिनों तक इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में गर्म हवाओं का प्रभाव बना रहेगा।
आज रतलाम, नीमच और मंदसौर में तापमान सबसे अधिक रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत प्रदेश के 49 जिलों में तेज गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
