
सिवनी। जिले के पलारी चौकी क्षेत्र के ग्राम पलारी में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह युवक का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने ग्राम के ही आवेद खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोपहर करीब 1 बजे पलारी-धनोरा मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
मृतक की पहचान पलारी निवासी बिट्टी उर्फ घनश्याम डेहरिया (24) के रूप में हुई है। सुबह घर के कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले आवेद खान नामक युवक से उसका विवाद हुआ था। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई थी। परिजनों के अनुसार, इसी घटना के बाद युवक मानसिक तनाव में था और आवेद खान द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के कारण उसने यह कदम उठाया। परिजनों ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पलारी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
चौकी प्रभारी संजय दीक्षित ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत फांसी लगाने से हुई है। परिजनों ने गांव के एक युवक को प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, एक दिन पहले दोनों के बीच विवाद होने की बात भी सामने आई है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा।
निष्पक्ष जांच का आश्वासन
चक्काजाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाया। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है तथा विवाद, मारपीट और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
