सिंगरौली : अभ्यारण्य बगदरा क्षेत्र के गोपला बीट अंतर्गत तिलया से भुइधरवा पहुंच मार्ग में क्रियान्वयन एजेंसी ने व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी की है। आरोप है कि 5 किलोमीटर सड़क लम्बाई में मुरूमी करण का कार्य करना था, लेकिन उसके बदले में क्रियान्वयन एजेंसी ने मिट्टी डाल कर सड़क बना दिया है। मिट्टी की सड़क दलदल में तब्दील हो गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली के किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह पैगाम ने बगदरा अभ्यारण्य के अमले पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया है कि फॉरेस्ट गार्ड के देखरेख में गरूण सिंह चौहान के देखरेख में तिलया से भुइधरवा पहुंच मार्ग दूरी करीब 5 किलोमीटर मुरूमीकरण के जगह मिट्टी डाल कर सड़क बना दिया और मिट्टी भी नाममात्र की डाली गई है। इस बारिश में सड़क दलदल में तब्दील हो गई है और आवाजाही के लिए ग्रामीणों को काफी संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि अभ्यारण्य के अंदर अवैध मिट्टी की खदान बनाई गई है। जहां 300 रूपये प्रति ट्रैक्टर रात के समय जेसीबी मशीन से उत्खनन कराकर बेचा जा रहा है। अशोक सिंह का यह भी आरोप है कि फॉरेस्ट गार्ड करीब 12 वर्षो से इसी क्षेत्र में पदस्थ है। भाजपा सरकार में स्थानांतरण की नीति शायद फॉरेस्ट गार्ड पर लागू नही किया। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की जांच कराए जाने की मांग की है।
