
जबलपुर। लोकायुक्त ने बरगी थाना अंतर्गत ग्राम तिनसी में दबिश देकर ग्राम पंचायत भवन में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायक को मकान की एनओसी के बदले 19,000 की घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जिसके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर लिया गया। कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
लोकायुक्त एसपी अंजू लता पटले ने बताया कि बरगी थाना अंतर्गत ग्राम तिनसी निवासी राजकुमारी परस्ते पति शिवदीन परस्ते, 36 वर्ष अपनी आबादी की जमीन पर मकान बनाना चाहती थीं। इसके लिए सरकारी पट्टा प्राप्त करनेउन्होंने तिनसी के ग्राम रोजगार सहायक दिलीप कुमार साहू पिता भूरेलाल साहू, 41 वर्ष से संपर्क किया। दिलीप साहू ने सीधे पट्टा देने से मना कर दिया और कहा कि पहले इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करवाना होगा। आरोपी ने इस एनओसी को जारी करने के एवज में 20,000 की मोटी घूस की मांग की। पीड़िता रिश्वत की रकम नहीं देना चाहती थी, इसलिए उसने सीधे पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त जबलपुर के कार्यालय पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज करा दी। लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान लोकायुक्त टीम के इशारे पर जब मोलभाव हुआ, तो भ्रष्ट रोजगार सहायक 1,000 कम करने पर राजी हो गया और अंततः 19,000 की घूस लेकर काम करने के लिए तैयार हो गया।
पंचायत भवन में बिछाया जाल, रंगे हाथ दबोचा
आज लोकायुक्त की विशेष टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ग्राम पंचायत भवन तिनसी में जाल बिछाया। जैसे ही राजकुमारी परस्ते ने 19,000 की रिश्वत राशि आरोपी दिलीप कुमार साहू को सौंपी, वैसे ही आसपास सादे कपड़ों में तैनात लोकायुक्त के दल ने उसे दबोच लिया। लोकायुक्त टीम ने आरोपी दिलीप कुमार साहू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। मौके पर पंचनामा बनाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। ट्रैप कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक राहुल गजभिये समेत लोकायुक्त जबलपुर इकाई के अन्य सदस्य शामिल रहे।
