मुंबई, 29 सितंबर (वार्ता)सोनी सब के पौराणिक धारावाहिक ‘हस्तिनापुर के वीर’ ने 100 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। इस खास उपलब्धि का जश्न शो की पूरी कास्ट और क्रू ने सेट पर केक काटकर मनाया। शो की शुरुआत से ही पांडवों और कौरवों के प्रारंभिक जीवन और उनके बचपन की कहानियों के जरिए हस्तिनापुर की दुनिया को दर्शाया जा रहा है। 100 एपिसोड पूरे होने के अवसर पर युवा पांडवों और कौरवों की भूमिका निभाने वाले बाल कलाकारों समेत पूरी टीम एक साथ जुटी और इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
भीष्म पितामह की भूमिका निभा रहे मनीष वाधवा ने कहा कि 100 एपिसोड पूरे करना पूरी टीम के लिए खुशी और गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि शो पांडवों और कौरवों के बचपन, उनके रिश्तों और उन्हें मिले मार्गदर्शन को खूबसूरती से प्रस्तुत करता है। उन्होंने पूरी टीम और बाल कलाकारों के काम की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें इस यात्रा का हिस्सा बनने पर गर्व है और उम्मीद है कि दर्शकों का प्यार आगे भी मिलता रहेगा।
मनीष वाधवा ने कहा कि सेट पर सभी ने मिलकर केक काटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया। लंबे समय तक साथ काम करने के कारण कलाकारों और टीम के बीच पारिवारिक रिश्ता बन गया है और शूटिंग के दौरान साथ बिताए समय ने कई यादगार पल दिए हैं। दुर्योधन की भूमिका निभा रहे आयुध भानुशाली ने कहा कि 100 एपिसोड पूरे करना और पूरी टीम के साथ इसका जश्न मनाना बेहद खास रहा। उन्होंने कहा कि सेट पर एक-दूसरे के साथ समय बिताने के कारण सभी परिवार की तरह हो गए हैं और वह इस शो का हिस्सा बनकर खुश हैं। ‘हस्तिनापुर के वीर’ का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे सोनी सब पर किया जाता है।

