पीएम आवास योजना की किस्त को लेकर दो पड़ोसी आपस में भिड़े

छतरपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलादेवी मंदिर के पास स्थित बंधियन मोहल्ले में प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हो गया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में गाली-गलौच और हाथापाई में बदल गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, नगरपालिका की टीम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक परिवार को दूसरी किस्त जारी होने के बाद मकान निर्माण की स्थिति देखने के लिए निरीक्षण करने पहुंची थी। इसी दौरान पड़ोसी पाल परिवार के लोग वहां आ गए और किस्त को लेकर सवाल उठाने लगे। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि पायल पाल और दशरथ पाल की शिकायत तथा वायरल वीडियो के आधार पर दूसरे पक्ष के इस्माइल राईन, छोटू राईन और गोलू राईन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 351 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शासकीय योजनाओं को लेकर आपसी विवाद न बढ़ाने और किसी भी समस्या की स्थिति में कानूनी तरीके से शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

 

Next Post

किसान कल्याण वर्ष 2026: छतरपुर में निकली कृषक मोटरसाइकिल रैली

Mon Feb 2 , 2026
छतरपुर। किसान कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का रहा उद्देश्य किसान कल्याण वर्ष 2026 के अवसर पर छतरपुर में किसानों की सहभागिता से एक कृषक मोटरसाइकिल रैली आयोजित की गई। रैली की शुरुआत जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर परिसर से हुई, जहां कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली […]

You May Like