रोहित सराफ खुद को एक ही तरह के किरदार तक सीमित नहीं रखते

मुंबई, 23 सितम्बर (वार्ता) अभिनेता रोहित सराफ ने अपने अभिनय करियर में अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा दिखाई है। हालांकि नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘मिसमैच्ड’ में रिषि के किरदार ने उन्हें खास पहचान दिलाई और उनका ‘बॉय-नेक्स्ट-डोर’ अंदाज दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुआ, लेकिन रोहित का अभिनय सफर केवल रोमांटिक किरदारों तक सीमित नहीं रहा है।’द स्काई इज पिंक’ में रोहित ने ईशान चौधरी की भूमिका निभाई थी। भावनात्मक कहानी वाली इस फिल्म में उन्होंने परिवार, रिश्तों और भीतर के दर्द से जुड़े भावों को पर्दे पर उतारा। वहीं, ‘डियर जिंदगी’ में उन्होंने आलिया भट्ट के भाई किड्डो का छोटा लेकिन प्रभावी किरदार निभाया।

डार्क कॉमेडी फिल्म ‘लूडो’ में रोहित राहुल अवस्थी के रूप में नजर आए। मॉल में सेल्समैन राहुल की जिंदगी उस समय बदल जाती है, जब उसे एक गैंगस्टर का पैसों से भरा बैग मिल जाता है। इस भूमिका में भी रोहित ने अपने अभिनय का अलग अंदाज दिखाया। ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ में विक्रम सिंह की भूमिका के जरिए रोहित ने मेनस्ट्रीम सिनेमा में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। कॉमेडी, रोमांस और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित इस फिल्म में उनके किरदार को दर्शकों ने पसंद किया।
अब ‘द रिवोल्यूशनरीज’ में रोहित एक अलग अवतार में नजर आ रहे हैं।

पीरियड ड्रामा में उन्होंने भारतीय क्रांतिकारी सचिंद्र नाथ सान्याल की भूमिका निभाई है। किरदार के लिए उन्होंने अपने लुक और शारीरिक बनावट पर भी काम किया है। रोहित अब दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी कदम रखने जा रहे हैं। वह पूजा कोल्लुरु के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘महाकाली’ में अक्षय खन्ना के साथ नजर आएंगे। फिल्म के टीजर में रोहित के नए और रहस्यमयी लुक ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है। रोहित के अब तक के सफर में रोमांस, कॉमेडी, भावनात्मक और पीरियड ड्रामा जैसे अलग-अलग रंग देखने को मिले हैं। ‘महाकाली’ में उनका नया अवतार उनके अभिनय करियर का एक और अलग पहलू सामने लाने वाला है।

.....

Next Post

आयुष्मान कार्ड संकट के समय पीड़ित और परिजनों के लिए सबसे बड़ा सहारा बन सकता है: अन्नपूर्णा देवी

Wed Sep 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा है कि पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज कराने में सहायक आयुष्मान कार्ड के महत्व को समझने की महती आवश्यकता है, जो बीमारी के संकट के समय पीड़ित व्यक्ति और उसके परिवार के लिए बड़ा […]

You May Like