
भोपाल, 02 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की साइबर क्राइम पुलिस ने टेलीग्राम एप के जरिए बच्चों को दसवीं एवं बारहवीं के प्रश्न पत्र देने का झांसा देकर उनसे रुपए ऐंठने वाले एक आरोपी को छिंदवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया है। इसी मामले में एक आरोपी भिंड जिले से गिरफ्तार किया गया है, इस तरह अब तक कुल दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
साइबर क्राइम पुलिस के अनुसार माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के लोगो (मोनो) एवं नाम का उपयोग कर टेलीग्राम ग्रुप बनाकर बच्चों को 10वीं, 12वीं का पेपर देने के नाम पर झांसे में लेकर फर्जी खाते मे रुपये डलवाने वाले आरोपी को साइबर क्राइम पुलिस द्वारा छिंदवाडा से किया गिरफ्तार किया गया है। आईटीएक्ट की विवेचना थाना क्राइम ब्रांच भोपाल द्वारा की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुये त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की गयी है।
आरोपी द्वारा टेलीग्राम एप पर माध्यमिक शिक्षा मंडल के नाम का एवं लोगो (मोनो) का प्रयोग कर टेलीग्राम ग्रुप बनाकर उसमें 10वीं और 12वीं के बच्चों को वार्षिक परीक्षा के प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर 500 रुपए और 1000 रुपए, खातों मे देने पर प्रायवेट ग्रुप में एड कर प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर पैसे लिए जा रहे हैं। ये पैसे टेलीग्राम के माध्यम से प्राप्त फर्जी खातों मे क्यू आर कोड के माध्यम से लिए जा रहे हैं।
सायबर क्राईम भोपाल की टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही कर मैदानी स्तर पर प्राप्त साक्ष्यो एवं तकनीकी एनालिसिस के आधार पर, टेलीग्राम एप पर माध्यमिक शिक्षा मंडल के नाम का एवं लोगो (मोनो) का प्रयोग कर धोखाधडी करने वाले फरार अन्य एक आरोपी को छिंदवाडा से गिरफ्तार किया है। इससे अपराध में प्रयुक्त 02 मोबाइल फोन, 02 सिमकार्ड जप्त किए गए हैं। सायबर क्राइम द्वारा पूर्व में भी 01 आरोपी शिवम यादव निवासी दीनपुरा भिण्ड को भिण्ड से गिरफ्तार किया था। इस प्रकार अब तक 4 टेलीग्राम ग्रुपों पर कार्रवाई कर कुल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
