मुंबई, टीवी एक्ट्रेस रुबीना दिलैक 26 अगस्त को अपना 39वां जन्मदिन मना रही हैं। ‘छोटी बहू’ से करियर शुरू करने वाली रुबीना ने एक वक्त आर्थिक तंगी और कर्ज का सामना किया था।
टीवी की मशहूर एक्ट्रेस रुबीना दिलैक आज यानी 26 अगस्त को अपना 39वां जन्मदिन मना रही हैं। अपनी दमदार एक्टिंग, बेबाक अंदाज और फैशन सेंस के लिए मशहूर रुबीना ने छोटे पर्दे पर संस्कारी बहू से लेकर बॉस लेडी तक कई अलग-अलग किरदार निभाए हैं। हालांकि, उनका सफर हमेशा आसान नहीं रहा। एक वक्त ऐसा भी था, जब रुबीना को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा और वह कर्ज में डूब गई थीं।
रुबीना का जन्म 26 अगस्त 1987 को हिमाचल प्रदेश के शिमला में हुआ था। उनके पिता गोपाल दिलैक लेखक हैं, जबकि मां शकुंतला दिलैक गृहिणी हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद रुबीना ने साल 2006 में मिस शिमला का खिताब जीता। इसके बाद 2008 में उन्होंने मिस नॉर्थ इंडिया का ताज भी अपने नाम किया। बताया जाता है कि रुबीना का सपना आईएएस अधिकारी बनने का था और वह इसकी तैयारी भी कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने चंडीगढ़ में एक ऑडिशन दिया, जहां उनका चयन हो गया।
छोटी बहू ने दिलाई पहचान
रुबीना ने साल 2008 में जी टीवी के सीरियल ‘छोटी बहू’ से टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा। इसमें उन्होंने राधिका का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाई। इसके बाद वह ‘नचले वे विद सरोज खान’ और ‘सास बिना ससुराल’ जैसे शोज में नजर आईं। हालांकि, उन्हें सबसे बड़ी लोकप्रियता ‘शक्ति: अस्तित्व के अहसास की’ में सौम्या के किरदार से मिली। इसके बाद बिग बॉस 14 में उनकी मजबूत पर्सनैलिटी ने दर्शकों का दिल जीत लिया और वह शो की विजेता बनीं।
जब कर्ज चुकाने के लिए मांगनी पड़ी थी सैलरी
रुबीना दिलैक की जिंदगी में एक दौर ऐसा भी आया, जब आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘छोटी बहू’ के दौरान कॉन्ट्रैक्ट में एक ऐसा क्लॉज था, जिसके तहत उन्हें करीब 90 दिन काम करने के बाद फीस मिलनी थी। उस समय रुबीना पर कर्ज का दबाव बढ़ रहा था। ऐसे में उन्होंने कथित तौर पर शो के मेकर्स से समय से पहले अपनी सैलरी देने की गुजारिश की थी, ताकि वह अपना कर्ज चुका सकें। हालांकि, वक्त के साथ उनकी किस्मत बदली और ‘छोटी बहू’ की सफलता ने उन्हें टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया।
