
इंदौर । अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्रीराम मंदिर प्रांगण में धर्म ध्वजा के पुनःस्थापन का देशभर में व्यापक उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में इंदौर में भी इस ऐतिहासिक क्षण को विशेष रूप से मनाया गया, जहां सांसद शंकर लालवानी के नेतृत्व में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
विद्याधाम मंदिर में हुए इस आयोजन में अयोध्या से हो रहे लाइव टेलीकास्ट को स्क्रीन के माध्यम से देखा गया। जैसे ही प्रधानमंत्री द्वारा धर्म ध्वजा स्थापित की गई, पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।
इंदौर में हुए इस कार्यक्रम की सबसे विशेष बात 200 से अधिक बटुकों द्वारा किया गया वैदिक ध्वजारोहण रहा। सांसद शंकर लालवानी व माँ राजजेश्वरी श्री विद्या ललिता देवी मंदिर के श्री चिन्मयानंद सरस्वती जी महाराज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वज आरोहण में सहभागिता की। इस दौरान पूरा वातावरण शंखनाद, ढोल नगाड़ों और जय श्रीराम के उद्घोष से भावपूर्ण हो गया।
सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक: लालवानी
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी सांस्कृतिक जड़ों को नए आत्मविश्वास के साथ पुनः स्थापित कर रहा है। अयोध्या में धर्म ध्वजा का पुनःस्थापन सिर्फ धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भारत की सनातन सभ्यता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। इंदौर में भी हमने इस आयोजन के माध्यम से वही श्रद्धा और ऊर्जा अनुभव की है।
