नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा है कि पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज कराने में सहायक आयुष्मान कार्ड के महत्व को समझने की महती आवश्यकता है, जो बीमारी के संकट के समय पीड़ित व्यक्ति और उसके परिवार के लिए बड़ा सहारा बन सकता है। श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने बुधवार को ‘आयुष्मान भारत दिवस’ के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड को लेकर यह सोचने के बजाय कि ‘इससे क्या ही हो जाएगा’, इसके महत्व को समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह कार्ड बीमारी में बड़े संकट के समय व्यक्ति और उसके परिवार के लिए सबसे बड़ा सहारा बन सकता है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के तहत पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान किया जाता है तथा प्रति परिवार प्रति वर्ष पांच लाख तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में ‘नगदीरहित’ इलाज की सुविधा भी उपलब्ध है। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने इस अवसर पर सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि कोई भी पात्र परिवार इस सुविधा से वंचित न रहे तथा स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ दूसरों को भी जागरूक करें।

