
छिंदवाड़ा। नगर निगम सीमा क्षेत्रान्तर्गत सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने और आवागमन को सुचारू बनाने हेतु निगम प्रशासन द्वारा निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में, कल दी गई कड़ी हिदायत और अल्टीमेटम के बाद ऊंटखाना रोड पर बड़ी जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। उल्लेखनीय है कि वार्ड क्रमांक 8 स्थित ऊंटखाना रोड, नूरी मस्जिद के पास कबाड़ी द्वारा सार्वजनिक सड़क के दोनों ओर कबाड़ का सामान फैलाकर रास्ता पूरी तरह बाधित कर दिया गया था। गत दिवस आयुक्त महोदय के निर्देश पर निगम टीम ने मौके पर पहुंचकर 1 ट्रॉली सामान जब्त किया था तथा आज तक पूरा कबाड़ स्वत: हटाने का कड़ा अल्टीमेटम दिया था। अल्टीमेटम की समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी सड़क पूरी तरह खाली न किए जाने पर आज नगर निगम अतिक्रमण दल एवं अतिक्रमण अधिकारी सागर बोरकर द्वारा मौके पर पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने स्थल से तीन ट्रॉली कबाड़ का सामान जब्त किया, जिसे तत्काल नगर निगम के निर्धारित स्थल पर भिजवा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद उक्त मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह सुचारू हो गया है।
