
छतरपुर। जिले में एक और बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। मातगुवां थाना क्षेत्र के सागर रोड पर देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने डायल 112 वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा रात करीब 1 बजे हुआ। गनीमत रही कि डायल 112 में मौजूद पुलिसकर्मी इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना ठीक उसी रात हुई जब 5 दिसंबर की शाम गुलगंज थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ था। उसी के कुछ घंटों बाद सागर रोड पर यह दूसरी दुर्घटना दर्ज की गई। पुलिसकर्मी नियमित गश्त पर थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने अचानक वाहन को टक्कर मार दी, जिससे डायल 112 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया और उसे थाने में रखवाया गया है। ट्रक चालक की भूमिका की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य कारण से हुई।
मातगुवां पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है, और आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने जिले में सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को सामने लाती है।
