- ऋतिक रोशन के साथ बॉलीवुड डेब्यू करने के लिए पूजा हेगड़े ने मणिरत्नम की फिल्म का ऑफर ठुकरा दिया था।
- फिल्म ‘मोहनजो दारो’ से पूजा ने ऋतिक रोशन के साथ बॉलीवुड में कदम रखा।
- महज 12 साल की उम्र से ऋतिक रोशन पूजा हेगड़े के क्रश थे।
फिल्म इंडस्ट्री में हर कलाकार का सपना होता है कि वह बड़े बैनर की फिल्मों के साथ अपने करियर की शुरुआत करे और दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाए। कुछ ऐसा ही सपना लेकर एक्ट्रेस पूजा हेगड़े ने भी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। अपनी खूबसूरती और बेहतरीन एक्टिंग के दम पर उन्होंने साउथ से लेकर बॉलीवुड तक एक अलग पहचान बनाई है।
लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का उनका रास्ता इतना आसान नहीं था। उन्हें अपनी पहली ही हिंदी फिल्म के लिए कड़े फैसलों और बड़ी कुर्बानियों का सामना करना पड़ा था। आज उनके बर्थडे पर उनके करियर से जुड़े उन अनसुने पहलुओं पर नजर डालना दिलचस्प है, जो उन्होंने अपने शुरुआती दौर में देखे थे।
टीवी एड में नजर आने के बाद मिला था बड़ा ऑफर
पूजा हेगड़े ने अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2012 में तमिल फिल्म मुगामुडी से की थी। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड में कदम रखने का सुनहरा मौका मिला। डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर अपनी भव्य फिल्म मोहन जोदारो के लिए एक नए चेहरे की तलाश कर रहे थे। उसी दौरान डायरेक्टर की पत्नी की नजर एक टीवी एड पर पड़ी जिसमें पूजा हेगड़े नजर आई थीं।
उन्हें वह चेहरा फिल्म के रोल के लिए बिल्कुल सटीक लगा। इसके बाद पूजा हेगड़े को बॉलीवुड के सुपरस्टार ऋतिक रोशन के साथ स्क्रीन शेयर करने का बड़ा ऑफर मिल गया। किसी भी नए कलाकार के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा था, खासकर तब जब वह बचपन से ही उस एक्टर की बड़ी फैन रही हों।
आशुतोष गोवारिकर की शर्त और ठुकरा दिए कई ऑफर
जब पूजा हेगड़े को यह फिल्म ऑफर हुई तो डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर ने उनके सामने एक कड़ी शर्त रख दी थी। निर्देशक का साफ कहना था कि फिल्म की रिलीज से पहले वह किसी भी अन्य क्षेत्रीय या भाषा की फिल्म में काम नहीं करेंगी। पूजा के सामने यह एक बहुत बड़ी मुश्किल थी क्योंकि उस समय उनके पास साउथ सिनेमा के दिग्गज डायरेक्टर मणीरत्नम की एक बड़ी फिल्म का ऑफर भी मौजूद था।
अपने बचपन के क्रश और बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर ऋतिक रोशन के साथ काम करने की चाहत ने उन्हें एक बड़ा जोखिम उठाने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने डायरेक्टर की शर्त को मानते हुए मणीरत्नम के उस बड़े और प्रतिष्ठित ऑफर को ठुकराने का मुश्किल फैसला ले लिया।
बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के परे रहा रिजल्ट
साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म मोहन जोदारो आशुतोष गोवारिकर के डायरेक्शन में बनी अब तक की सबसे महंगी और भव्य फिल्मों में से एक थी। इस फिल्म से दर्शकों और मेकर्स को बहुत ज्यादा उम्मीदें थीं। लेकिन सिनेमाघरों में यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई और असफल साबित हुई।
इसके बावजूद पूजा हेगड़े को इस बात का कोई मलाल नहीं था। उनका सपना पूरा हो चुका था क्योंकि वह उस ऋतिक रोशन के साथ काम कर चुकी थीं जिन्हें वह अपनी यंग एज से पसंद करती थीं। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने खुद इस बात का जिक्र किया था कि जब वह महज 12 साल की थीं, तब से ऋतिक रोशन उनके क्रश थे और उनके साथ काम करना उनके लिए एक यादगार अनुभव था।
