
छतरपुर। भारतीय अध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को ऑस्ट्रेलिया में उच्च स्तर पर सम्मानित किया गया। पार्लियामेंट ऑफ न्यू साउथ वेल्स में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में उन्हें उनके आध्यात्मिक योगदान और समाज में सकारात्मक प्रभाव के लिए औपचारिक सम्मान प्रदान किया गया।
संसद द्वारा जारी सम्मान पत्र में उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि उन्होंने सांस्कृतिक संवाद और पारस्परिक समझ को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य लोगों ने उनके प्रयासों को “सांस्कृतिक कूटनीति” का उदाहरण बताया।
सम्मान पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि उनका यह दौरा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को वैश्विक मंच पर स्थापित करने के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय और स्थानीय समाज के बीच संबंधों को मजबूत करता है।
इस सम्मान की खबर सामने आते ही भारत सहित विश्वभर में उनके अनुयायियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सम्मान भारत की सांस्कृतिक सॉफ्ट पावर को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
