दिल्ली ने महिला घरेलू टी-20 क्रिकेट में बनाया 260 रन का नया रिकॉर्ड

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली ने सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी में नया रिकॉर्ड कायम किया है। पुणे में हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए दिल्ली ने छह विकेट पर 262 रन बनाए, जो महिला घरेलू टी-20 क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।

इससे पहले यह रिकॉर्ड गोवा के नाम था, जिसने 2019-20 सीजन में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ दो विकेट पर 257 रन बनाए थे। दिल्ली का यह विशाल स्कोर महिला टी-20 क्रिकेट के इतिहास में कुल मिलाकर 11वां सबसे बड़ा स्कोर है। इससे ऊपर के 10 स्कोर महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में बने हैं।

दिल्ली के इस रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन में ओपनिंग बल्लेबाज तनीषा सिंह का अहम योगदान रहा, जिन्होंने सिर्फ 47 गेंदों पर 119 रन बनाए। 23 वर्षीय तनीषा ने 38 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो महिला टी-20 क्रिकेट में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक है। उनसे तेज शतक केवल किरण नवगिरे (34 गेंद) और सोफी डिवाइन (36 गेंद) ने ही लगाए हैं। तनीषा की यह पारी 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डिएंड्रा डॉटिन द्वारा 38 गेंदों में बनाए गए शतक की बराबरी करती है।

तनीषा की पारी में 25 चौके और एक छक्का शामिल था। उनकी ओपनिंग जोड़ीदार वंशिका लीला के जल्दी आउट हो जाने के बावजूद, तनीषा ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रिया पुनिया के साथ मिलकर शानदार साझेदारी की। दोनों ने सिर्फ 66 गेंदों में 160 रन जोड़े, जिससे दिल्ली एक बहुत बड़े स्कोर की ओर मजबूती से आगे बढ़ी।

प्रिया पुनिया ने आउट होने से पहले 28 गेंदों में 59 रन बनाए। इसके बाद श्वेता सहरावत ने भी तेज़ी से रन बटोरे और सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन बनाए (जिसमें 3 छक्के शामिल थे), जिससे दिल्ली 200 रन के आंकड़े को पार कर गई। तनीषा की पारी तब खत्म हुई जब जी. त्रिशा ने उन्हें बोल्ड कर दिया, लेकिन दिल्ली ने आखिरी ओवरों में भी तेजी से रन बनाना जारी रखा। नजमा खान और दीक्षा शर्मा ने भी तेजी से कुछ रन जोड़े, जबकि कप्तान सोनी यादव ने 15 रन बनाकर टीम को एक रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचा दिया।

हैदराबाद की ओर से वंका पूजा सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने अपने चार ओवरों में 32 रन देकर चार विकेट लिए। हैदराबाद के बाकी गेंदबाज दिल्ली को रोकने में नाकाम रहे। बाकी सात गेंदबाजों में से हर एक ने प्रति ओवर कम से कम 11 रन दिए।

हैदराबाद ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की, जिसमें ओपनर त्रिशा ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 52 गेंदों पर 80 रन बनाए, लेकिन जीत के लिए जरूरी रन-रेट को बनाए रखना मुश्किल हो गया। हैदराबाद की ओर से कप्तान प्रणवी चंद्रा ही एकमात्र ऐसी बल्लेबाज रहीं जो 20 रन के आंकड़े को पार कर सकीं, क्योंकि दिल्ली के गेंदबाजों ने बाकी बल्लेबाजों को बांधे रखा। अंत में हैदराबाद की टीम आठ विकेट पर 154 रन ही बना सकी। इस तरह, शानदार बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली ने 108 रनों की बड़ी जीत दर्ज की।

 

 

Next Post

देश छोड़ते हुए हसीना का वीडिया बनाने वाले पूर्व बंगलादेशी वायुसेना अधिकारी का शव तुराग नदी से बरामद

Thu Oct 29 , 2026
ढाका, 29 अक्टूबर (वार्ता) बंगलादेश वायुसेना के पूर्व फ्लाइट लेफ्टिनेंट तहसीफ सूरी का शव बुधवार को तुराग नदी से बरामद किया गया। वह एक दिन पहले लापता हो गए थे। ‘द डेली स्टार’ से बातचीत में नदी पुलिस नियंत्रण कक्ष में तैनात कांस्टेबल मोहम्मद रकीब ने शव बरामद होने की […]

You May Like