छत्रपति शिवाजी महाराज की गौरवगाथा बड़े पर्दे पर लाएंगे भूषण कुमार, ऋषभ शेट्टी और संदीप सिंह

मुंबई, 30 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय इतिहास के महान योद्धा और स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत-छत्रपति शिवाजी महाराज’ का निर्माण किया जाएगा। दो भागों में बनने वाली इस ऐतिहासिक फिल्म के लिए निर्माता भूषण कुमार, अभिनेता ऋषभ शेट्टी और फिल्मकार संदीप सिंह एक साथ आए हैं। फिल्म की शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होने की संभावना है।

टी-सीरीज और लीजेंड स्टूडियोज की इस प्रस्तुति के जरिए छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष, युद्ध कौशल, ऐतिहासिक विजय और स्वराज्य की स्थापना के संकल्प को बड़े पर्दे पर उतारा जाएगा। फिल्म में उनके नेतृत्व, रणनीतिक दूरदर्शिता और जीवन से जुड़े अनछुए पहलुओं को भी प्रस्तुत किया जाएगा। इस ऐतिहासिक परियोजना के अवसर पर निर्माता भूषण कुमार ने ऋषभ शेट्टी को छत्रपति शिवाजी महाराज की एक सदी पुरानी पेंटिंग भेंट की। फिल्म के निर्माताओं के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य भारतीय इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय को नई पीढ़ी और दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाना है।

भूषण कुमार ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत पर पूरे देश को गर्व है। सिनेमा के माध्यम से उनकी गौरवगाथा को दुनिया तक पहुंचाना एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संदीप सिंह की ओर से फिल्म की कहानी सुनाए जाने के बाद उन्हें इस ऐतिहासिक गाथा को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने की प्रेरणा मिली। ऋषभ शेट्टी की अभिनय क्षमता और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस से उन्हें विश्वास है कि स्वराज्य के साहस, दूरदृष्टि और भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकेगा।
फिलहाल फिल्म का प्री-प्रोडक्शन चल रहा है। गुलशन कुमार और टी-सीरीज फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन संदीप सिंह कर रहे हैं। इसके निर्माता भूषण कुमार और कृष्ण कुमार हैं, जबकि पटकथा ऋषि विरमानी और संदीप सिंह ने लिखी है। ऋषभ शेट्टी, शिव चानना और कबीर सदानंद फिल्म के सह-निर्माता हैं।

.....

Next Post

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने किए भगवान महाकाल के दर्शन, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना

Fri Oct 30 , 2026
उज्जैन। शुक्रवार को त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन करने पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इस दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से डिप्टी कलेक्टर एवं उप प्रशासक सिम्मी […]

You May Like