
नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच के विशेष सम्मेलन में सोमवार को रखे गए सभी 28 प्रस्ताव बहुमत से पारित कर दिए गए। सम्मेलन में करीब 40 साल बाद नगरपालिका की जमीन पर आवासीय एवं व्यावसायिक कॉलोनी विकसित करने के महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी मिली। नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बताया कि कॉलोनी विकसित होने से नपा को करोड़ों रुपए की आय होने की उम्मीद है। इससे नागरिकों को आवास व व्यवसाय के लिए भूमि उपलब्ध होने के साथ नगरपालिका की जमीन का नियोजित उपयोग भी हो सकेगा।
हर्कियाखाल डैम पर खर्च होंगे 53 लाख
परिषद ने हर्कियाखाल डैम को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने के लिए करीब 53 लाख रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी। इसके अलावा सीआरपीएफ रोड, विजय टॉकीज रोड, फव्वारा चौक, मेसी शोरूम चौराहा सहित प्रमुख मार्गों के डामरीकरण और सीसी रोड के कार्यों पर भी निर्णय लिया गया। टैगोर मार्ग पर भूमिगत विद्युत लाइन डालने की योजना को भी स्वीकृति दी गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के भवनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 3.23 करोड़ रुपए की फायर सेफ्टी व्यवस्था के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिली। नगर वन, सोलर परियोजना, टाउन हॉल जीर्णोद्धार और स्टाफ क्वार्टर से जुड़े प्रस्ताव भी पारित हुए।
विपक्ष ने पेयजल, अतिक्रमण और आवारा पशुओं का मुद्दा उठाया
सम्मेलन में विपक्षी पार्षदों ने दूषित व अपर्याप्त पेयजल, पेंशन, अधूरे निर्माण कार्य, आवारा पशु-कुत्तों और नगरपालिका की जमीन पर अतिक्रमण जैसे मुद्दे उठाए।
इस दौरान पार्षद हरगोविंद दीवान द्वारा गांधी भवन के लीज नवीनीकरण के प्रस्ताव को आगामी एजेंडे में शामिल किए जाने, शहर में हो रहे जल वितरण में गंदे पानी की शिकायत, वितरण का समय 45 मिनट किए जाने, शहर में बिजली पोल से के करंट लीकेज की घटनाएं, ग्वालटोली तालाब सहित खेल मैदान में हो रहे अवैध अतिक्रमण हटाए जाने सहित वार्ड विकास से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया।
अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर सीएमओ ने संबंधित ठेकेदार को अंतिम नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई के बाद नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही। वहीं नई गुमटियों के जरिए किए जा रहे अतिक्रमण पर भी सख्ती के निर्देश दिए गए। अब इन विकास योजनाओं को समयसीमा में धरातल पर उतारना और शहर की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान करना नगरपालिका के सामने बड़ी चुनौती होगी।
