
टीकमगढ़। कोतवाली पुलिस द्वारा रेप के आरोपी जमाल उद्दीन को गिरफ्तार करने के बाद शहर में जुलूस निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को सुरक्षा के बीच सार्वजनिक रूप से शहर में घुमाया, जिसे देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुटती रही। आरोपी के जुलूस निकालने की मांग बीती रात धजरई के महंत सीतारामदास ने उठाई थी। इसको लेकर नजरबाग मंदिर में सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हुए थे। इस दौरान एसडीओपी राहुल कटरे मौके पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने महंत से चर्चा की। इसके बाद महंत वहां से चले गए। इसके बाद आज आरोपी का पुलिस ने जुलूस निकाला।
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ सख्त संदेश देने के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई से समाज में भय पैदा होता है और अपराध पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलती है।
हालांकि, इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठने लगे हैं। कानूनी विशेषज्ञों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि किसी भी आरोपी को अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने से पहले इस तरह सार्वजनिक रूप से पेश करना न्यायिक प्रक्रिया के खिलाफ हो सकता है।
