
छतरपुर। जिले के महाराजपुर क्षेत्र में संचालित अंग्रेजी शराब दुकानों पर ओवररेटिंग के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय ग्राहकों का कहना है कि दुकानों पर निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक कीमत वसूली जा रही है, जबकि नियमानुसार रेट सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई है। हैरानी की बात यह है कि एक दुकान थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
ग्राहकों के अनुसार, जब उन्होंने बोतलों पर अंकित एमआरपी के अनुसार भुगतान करने की बात कही, तो दुकान कर्मचारियों ने साफ इनकार कर दिया। इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्पष्ट सुना जा सकता है कि 170 रुपये एमआरपी वाले बैकपाइपर पाव के लिए 200 रुपये वसूले जा रहे हैं।
एक अन्य वीडियो में यह भी कहा जा रहा है कि “ऊपर से ही रेट तय हैं”, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। इस घटनाक्रम के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
