भोपाल। ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत और दहेज प्रताड़ना मामले में सीबीआई ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार करने के बाद शाम को मेडिकल परीक्षण के लिए भोपाल AIIMS ले जाया गया. हाई कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के बाद सीबीआई ने गुरुवार को यह कार्रवाई की. इधर, सीबीआई की मुख्य सूचना अधिकारी बीना यादव ने पत्रकारों को बताया कि भोपाल स्थित घर में करीब छह घंटे से अधिक समय तक पूछताछ और जांच के बाद सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
शुक्रवार को उन्हें सीबीआई कोर्ट में पेश किए जाने की तैयारी है.
जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम गुरुवार सुबह स्थानीय पुलिस बल के साथ कटारा हिल्स स्थित गिरिबाला सिंह के निवास पहुंची थी. करीब सात घंटे तक चली पूछताछ के बाद शाम में उन्हें हिरासत में लिया गया. गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उन्हें AIIMS भोपाल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में मेडिकल जांच कराई गई.
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान गिरिबाला सिंह ने अपनी खराब तबीयत का हवाला दिया. उनके वकीलों ने भी मेडिकल दस्तावेज और डॉक्टरों के पर्चे जांच एजेंसी को सौंपे, लेकिन इसके बावजूद सीबीआई ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की.
मामले में ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह पहले से ही सीबीआई रिमांड पर हैं. उनकी रिमांड शुक्रवार को समाप्त हो रही है और संभावना जताई जा रही है कि एजेंसी कोर्ट से रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है.
सीबीआई ने जांच के दौरान गिरिबाला सिंह के घर और आसपास के क्षेत्र की हाई इंटेंसिटी 3डी कैमरों से रिकॉर्डिंग भी की है. एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटनास्थल आसपास की इमारतों से दिखाई देता था या नहीं.
उल्लेखनीय है कि ट्विशा शर्मा 12 मई को कटारा हिल्स स्थित अपने घर में फांसी पर लटकी मिली थीं. इसके बाद दहेज प्रताड़ना और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था.हाई कोर्ट ने गुरुवार देर रात जारी 17 पन्नों के आदेश में कहा कि मामले की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना उचित नहीं है.
