‘प्रेम कीटाणु’ का नया रोमांटिक गीत ‘तू मेरा रैय्यो’ जारी

मुंबई, 07 सितंबर (वार्ता)बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ का नया रोमांटिक गीत ‘तू मेरा रैय्यो’ जारी कर दिया गया है। सचेत टंडन और परंपरा टंडन ने इस गीत को अपनी आवाज देने के साथ-साथ इसका संगीत भी तैयार किया है, जबकि गीत के बोल कुणाल वर्मा ने लिखे हैं। प्यार की मासूमियत, अपनापन और रिश्तों की गर्माहट को समेटे यह मधुर गीत श्रोताओं को भावनाओं से जोड़ने वाला है।अवनिका फिल्म्स के बैनर तले गौरव वर्मा द्वारा निर्मित फिल्म के संगीत एलबम का यह तीसरा गीत है। इससे पहले ‘अंडी बंडी’ और ‘कहो तोह’ को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था। ‘तू मेरा रैय्यो’ में वीर पहाड़िया और आफिया सैयद की जोड़ी रोमांटिक अंदाज में नजर आ रही है।

सचेत और परंपरा ने हाल ही में सामाजिक माध्यमों पर अपनी सुरीली आवाज में इस गीत की एक झलक भी साझा की थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके बाद से ही पूरे गीत को लेकर उत्सुकता बनी हुई थी। गीत के बारे में सचेत टंडन और परंपरा टंडन ने कहा कि ‘तू मेरा रैय्यो’ श्रोताओं को एक बार फिर प्यार में पड़ने का एहसास कराएगा। गीत में प्रेम की मासूमियत और गर्मजोशी को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है और उन्हें उम्मीद है कि यह सीधे लोगों के दिल तक पहुंचेगा। फिल्म के संगीत एलबम में कुल सात गीत हैं। इनमें सचेत टंडन, परंपरा टंडन, बी प्राक, अरमान मलिक, पापोन, जुबिन नौटियाल, मधुर शर्मा, अल्तमाश फरीदी, शशि सुमन और बृजेश शांडिल्य जैसे लोकप्रिय गायक शामिल हैं। रैपर लिटिल भाटिया और मेजम्यूजिक भी एलबम का हिस्सा हैं।

‘प्रेम कीटाणु’ का निर्देशन अपूर्व सिंह कार्की ने किया है, जिन्हें ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ और ‘एस्पिरेंट्स’ जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स के लिए जाना जाता है। फिल्म का निर्माण अवनिका फिल्म्स के बैनर तले गौरव वर्मा ने किया है। फिल्म में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कहानी युवाओं के एक समूह के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दोस्ती, पहला प्यार, एकतरफा प्रेम और दिल टूटने जैसे अनुभवों से गुजरता है। ‘प्रेम कीटाणु’ 02 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

.....

Next Post

देश में पहली बार पेट्रोल से ज्यादा बिके वैकल्पिक ईंधन वाले यात्री वाहन

Mon Sep 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 सितंबर (वार्ता) यात्री वाहनों के खुदरा बाजार में अगस्त में पहली बार एक बड़ा बदलाव इस मायने में देखा गया कि पेट्रोल से अधिक बिक्री वैकल्पिक ईंधन वाले वाहनों की रही। वैकप्लिक ईंधन वाले वाहनों में सीएनजी, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहन शामिल हैं। वाहन डीलरों के संगठन […]

You May Like