मुंबई, 18 जुलाई (वार्ता) निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकल आधार पर 19,060 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो सालाना आधार पर पांच प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने निदेशकमंडल की बैठक के बाद शनिवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा की। तिमाही के दौरान बैंक का शुद्ध राजस्व 46,360 करोड़ रुपये रहा। यह सालाना आधार पर 12.81 प्रतिशत की गिरावट दिखाता है।
ब्याज से प्राप्त शुद्ध आय 6.7 प्रतिशत बढ़कर 33,530 अरब रुपये हो गयी। बैंक ने शुल्क और कमीशन के रूप में तिमाही के दौरान 8,450 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया। वहीं, परिचालन पर बैंक ने 18,190 करोड़ रुपये खर्च किये। आय की तुलना में लागत का अनुपात 39.2 प्रतिशत रहा। तिमाही की समाप्ति पर 30 जून 2026 को बैंक का बैलेंसशीट 43,975 अरब रुपये पर पहुंच गया। तिमाही में बैंक के पास औसत जमा 30,115 अरब रुपये रही। इसमें सालाना 13.3 प्रतिशत की वृद्धि रही है।
चालू तथा बचत खातों में जमा औसत राशि 11.2 प्रतिशत बढ़कर 9,570 अरब रुपये पर पहुंच गयी। वहीं, बैंक द्वारा उधार दी गयी कुल राशि 30,608 अरब रुपये रही जो एक साल पहले के मुकाबले 15.4 प्रतिशत ऊपर है। बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में तिमाही-दर-तिमाही गिरावट देखी गयी है। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) का अनुपात 1.15 प्रतिशत से बढ़कर 1.17 प्रतिशत पर और शुद्ध एनपीए 0.38 प्रतिशत से 0.41 प्रतिशत पर पहुंच गया।

