सिवनी/बंडोल:कलेक्टर के आदेश के बावजूद नरवाई जलाने की लापरवाही से मुंगवानी कला में बड़ा नुकसान हो गया। एक किसान द्वारा लगाई गई आग तेज हवा के चलते फैलकर करीब 50 खेतों तक पहुंच गई। घटना में किसानों के लाखों रुपए के सिंचाई पाइप, मोटर व वायरिंग जलकर नष्ट हो गए।जानकारी के अनुसार, पवन यादव अपने खेत में नरवाई जला रहा था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने चेतावनी को अनदेखा कर दिया। कुछ ही देर में आग बेकाबू होकर आसपास के खेतों में फैल गई, जिससे नितेश ठाकुर, रामलाल यादव, नंदकिशोर यादव, माताप्रसाद सहित कई किसानों को नुकसान हुआ।
पटवारी की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार:
नितेश ठाकुर: 2.20 हेक्टेयर में रखे 100 पाइप जले
रामलाल यादव: 200 पाइप व 3 पनडुब्बी मोटर नष्ट
नंदकिशोर यादव: 70 स्प्रिंकलर पाइप जले
अन्य : 1000 फीट से अधिक वायरिंग व मोटर नष्ट
जिले में नरवाई जलाने पर लागू धारा 144 (BNSS 163) के उल्लंघन पर बंडोल थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध BNS की धारा 223(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
प्रशासन के अनुसार, मौके पर पंचनामा तैयार कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है।
