लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत प्री-क्वार्टर फाइनल में

कुमामोटो,11 नवंबर (वार्ता) बुधवार को कुमामोटो मास्टर्स जापान 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में, भारत के लक्ष्य सेन और पूर्व विश्व नंबर 1 किदांबी श्रीकांत ने कड़े मुकाबले वाले शुरुआती दौर के मैचों में जीत दर्ज कर पुरुष एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन ने कुमामोटो प्रीफेक्चुरल जिम्नेजियम में 49 मिनट तक चले मुकाबले में चीनी ताइपे के ची यू जेन को 21-19, 21-18 से हराया। वहीं, पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 किदांबी श्रीकांत ने शानदार वापसी करते हुए डेनमार्क के रासमस गेमके को तीन गेम में हरा दिया। भारतीय खिलाड़ी ने एक घंटे आठ मिनट तक चले इस मुकाबले में 18-21, 21-16, 24-22 से जीत दर्ज की।

लक्ष्य शीर्ष आठ में जगह बनाने और सीज़न के अंत में होने वाले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की कोशिश कर रहे हैं। इस सुपर 500 इवेंट से पहले वह रैंकिंग में 10वें स्थान पर थे। शुरुआती गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। एक समय ची यू जेन ने 14-10 से चार अंकों की बढ़त बना ली और इसे 16-12 तक पहुंचा दिया। इसके बाद लक्ष्य ने शानदार वापसी की और लगातार चार अंक जीतकर स्कोर 16-16 से बराबर कर दिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच स्कोर 19-19 की बराबरी पर था, जिसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने लगातार दो अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरा गेम भी काफी कड़ा रहा। गेम के अंतिम क्षणों में ची यू जेन 17-16 से आगे थे, लेकिन लक्ष्य ने अपनी तीव्रता बढ़ाई और लगातार तीन अंक जीतकर 19-17 की बढ़त बना ली। इसके बाद भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने संयम बनाए रखा और सीधे गेमों में जीत हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। लक्ष्य सेन का अगला मुकाबला राउंड ऑफ 16 में चीन के डोंग तियान याओ से होगा।

वहीं, पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 किदांबी श्रीकांत ने शानदार वापसी करते हुए डेनमार्क के रासमस गेमके को मुकाबले में 18-21, 21-16, 24-22 से जीत दर्ज की। श्रीकांत ने पहले गेम में मजबूत शुरुआत की और इंटरवल तक पांच अंकों की बढ़त बना ली। हालांकि, गेमके ने वापसी करते हुए स्कोर 14-14 और फिर 17-17 से बराबर कर दिया। इसके बाद उन्होंने अगले पांच में से चार अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरा गेम भी काफी कड़ा रहा, जिसमें गेमके 14-11 से आगे थे। श्रीकांत ने जोरदार वापसी की और लगातार सात अंक हासिल करके 18-14 की बढ़त बना ली, जिससे मैच निर्णायक गेम (डिसाइडर) तक पहुंच गया। निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच बढ़त लेने की होड़ लगी रही, लेकिन एक समय श्रीकांत 19-15 से पिछड़ गए और हार के कगार पर आ गए थे। 33 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने अपने पुराने फॉर्म की याद दिलाते हुए शानदार वापसी की और दो मैच पॉइंट बचाकर स्कोर 20-20 से बराबर कर दिया। मुकाबला 22-22 तक बराबरी पर रहा, जिसके बाद श्रीकांत ने लगातार दो अंक लेकर अपनी जीत पक्की कर ली। राउंड ऑफ 16 में श्रीकांत का सामना थाईलैंड के पानिचाफोन टीरारातसाकुल और जापान के पांचवीं वरीयता प्राप्त कोडाई नारोका के बीच होने वाले पहले दौर के मैच के विजेता से होगा।

मिक्स्ड डबल्स में, ध्रुव रावत और मनीषा के. ने चीनी ताइपे के चौथी वरीयता प्राप्त ये होंग वेई और निकोल गोंजालेस चान को कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंततः 48 मिनट तक चले मुकाबले में उन्हें 16-21, 21-14, 21-14 से हार का सामना करना पड़ा।

वहीं, ओलंपियन तनीषा क्रास्टो और हरिहरन अमसाकरुणन को चीन के शीर्ष वरीयता प्राप्त जियांग झेन बैंग और वेई या शिन के हाथों 21-7, 21-9 से हार मिली। गुरुवार को, महिला डबल्स के राउंड ऑफ 16 में वर्ल्ड चैंपियनशिप की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट ट्रेसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का सामना जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी, रिन इवानागा और की नाकानिशी से होगा।

पुरुष डबल्स में, क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए हरिहरन अमसाकरुणन और एमआर अर्जुन का मुकाबला जापान के ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी से होगा।

 

Next Post

गांधीसागर में देश की सबसे बड़ी पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना का निर्माण, 11,500 करोड़ होंगे निवेश

Wed Nov 11 , 2026
मंदसौर। नीमच जिले के गांधीसागर क्षेत्र में ग्रीनको ग्रुप द्वारा देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना विकसित की जा रही है। करीब 11 हजार 500 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना की क्षमता 1920 मेगावाट होगी। परियोजना पूर्ण होने पर पूरी क्षमता से लगातार […]

You May Like