
भोपाल। प्रदेश में कक्षा 10 वीं और 12 वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं पांच जनवरी से शुरू होने जा रही हैं। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस बार परीक्षा व्यवस्था को और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई नए निर्देश जारी किए हैं। जिसमें प्री-बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र राज्य स्तर पर तैयार कर परीक्षा से एक दिन पहले विमर्श पोर्टल पर प्राचार्य के लॉगिन में उपलब्ध कराए जाएंगे। इस प्रश्नपत्र डाउनलोड करने के लिए ओटीपी व्यवस्था लागू की गई है, जो प्राचार्य के मोबाइल पर भेजा जाएगा। इसके बाद ही निर्धारित संख्या के अनुसार प्रश्नपत्रों की फोटोकॉपी कर परीक्षा के लिए तैयार किया जाएग। इस साल प्री-बोर्ड परीक्षाओं में रोजाना परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों को अगले दिन वाले विषय की तैयारी कराई जाएगी। विभाग का मानना है कि इससे बच्चे बोर्ड पैटर्न के अनुसार निरंतर अभ्यास कर पाएंगे। प्री-बोर्ड के प्रश्नपत्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की अंक योजना और परीक्षा पैटर्न पर आधारित रखे गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बोर्ड जैसी स्थिति का अनुभव मिलेगा। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा में संपूर्ण पाठ्यक्रम पूरा कर लें, क्योंकि कई विद्यालय अभी भी 60 प्रतिशत पाठ्यक्रम ही पूरा कर पाए हैं। परीक्षा परिणाम जनवरी के तीसरे सप्ताह में घोषित किए जाएंगे और विद्यार्थियों को उनकी कापियां भी दिखाई जाएंगी, जिससे उन्हें अपनी गलतियां समझने में मदद मिलेगी। इसके बाद मॉडल पेपर और अतिरिक्त प्रश्नपत्र सेट से अभ्यास कराया जाएगा। कक्षा 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं पांच से तेरह जनवरी और 10वीं की छह से तेरह जनवरी तक आयोजित होंगी। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक रहेगा। विद्यार्थियों को एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र और आधा घंटा पहले परीक्षा कक्ष में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
