
मंदसौर। नीमच जिले के गांधीसागर क्षेत्र में ग्रीनको ग्रुप द्वारा देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना विकसित की जा रही है। करीब 11 हजार 500 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना की क्षमता 1920 मेगावाट होगी। परियोजना पूर्ण होने पर पूरी क्षमता से लगातार छह घंटे तक बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। बुधवार को मंदसौर एवं नीमच जिले के पत्रकारों ने परियोजना स्थल का भ्रमण कर इसकी कार्यप्रणाली और निर्माण गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट नवीन कुमार लक्ष्मण तथा प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीनिवास उपस्थित रहे।
प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि परियोजना नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक में लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही है। इसमें गांधीसागर जलाशय को निचले जलाशय के रूप में तथा कंपनी द्वारा निर्मित नए जलाशय को ऊपरी जलाशय के रूप में उपयोग किया जाएगा। परियोजना की खासियत यह है कि पानी की खपत नहीं होगी, बल्कि करीब 2.4 टीएमसी पानी का बार-बार पुनः उपयोग कर बिजली का उत्पादन किया जाएगा।
अतिरिक्त सौर ऊर्जा से होगा जल भंडारण
परियोजना में दिन अथवा रात के समय ग्रिड से मिलने वाली अतिरिक्त सौर एवं पवन ऊर्जा का उपयोग कर पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय में पहुंचाया जाएगा। वहीं बिजली की मांग बढ़ने पर ऊपरी जलाशय से पानी छोड़कर टरबाइन चलाए जाएंगे और बिजली का उत्पादन होगा। इस तरह अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा का भंडारण कर जरूरत के समय बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी। परियोजना में कुल नौ टरबाइन लगाए जा रहे हैं तथा इससे सालाना लगभग 3580 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य है।
दिसंबर से शुरू होगा पहले टरबाइन का संचालन
परियोजना के पहले टरबाइन सेट का संचालन दिसंबर 2026 से शुरू करने तथा जून 2027 तक पूर्ण व्यावसायिक संचालन प्रारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है। बिजली निकासी के लिए परियोजना को मंदसौर जिले में स्थित लगभग 60 किलोमीटर दूर 765/400 केवी के पीजीसीआईएल सबस्टेशन से जोड़ा जा रहा है।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
परियोजना के निर्माण कार्य में अब तक लगभग चार हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। संचालन एवं रखरखाव के दौरान करीब 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा। कंपनी की ओर से मध्यप्रदेश के योग्य स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की बात भी कही गई है।
परियोजना से उत्पादित बिजली एनटीपीसी, सेकी तथा मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों की बिजली वितरण कंपनियों को दीर्घकालीन समझौतों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बिजली की अधिक मांग वाले समय में सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि गांधीसागर क्षेत्र पहले से ही जलविद्युत उत्पादन, मत्स्य पालन, पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है। वहीं गांधीसागर अभयारण्य में चीता पुनर्वास, वन्यजीव संरक्षण तथा फ्लोटिंग फेस्टिवल और पर्यटन गतिविधियों से क्षेत्र को नई पहचान मिल रही है। ऐसे में पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना के शुरू होने से गांधीसागर क्षेत्र ऊर्जा के साथ-साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।
