चंडीगढ़, 11 नवंबर (वार्ता) चंडीगढ़ ने स्वच्छता और बेहतर कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में तीन लाख से दस लाख आबादी वाले शहरों की ‘स्वच्छ शहर’ श्रेणी में चंडीगढ़ ने देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी और नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, आईएएस को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। इस श्रेणी में मध्य प्रदेश के उज्जैन ने पहला स्थान हासिल किया।
चंडीगढ़ ने लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी स्थिति मजबूत की है। इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में भी शहर ने तीन लाख से 10 लाख आबादी वाले शहरों की सुपर स्वच्छ लीग श्रेणी में नोएडा के बाद दूसरा स्थान हासिल किया था।
स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण था। इस बार ‘स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ थीम के तहत देशभर के शहरों का मूल्यांकन किया गया। सर्वेक्षण में कुल 43 मानकों को शामिल किया गया, जिनमें घर-घर कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण, वैज्ञानिक तरीके से कचरे का प्रसंस्करण एवं निस्तारण, सार्वजनिक स्थानों की सफाई और नागरिकों की भागीदारी प्रमुख रहे।
चंडीगढ़ नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ कचरा प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर लगातार काम किया जा रहा है। घरों से कचरा एकत्र करने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा उसके वैज्ञानिक निस्तारण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के लिए जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
इस उपलब्धि को नगर निगम के सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के तहत दिए गए इस सम्मान से शहर में स्वच्छता और टिकाऊ कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में प्रोत्साहन मिलेगा।
